चम्बा की सड़कों पर दर्दनाक हादसा, बेटा घायल… मां की मौत

10 मई: चम्बा जिले के सलूणी उपमंडल में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डाल दिया। तेलका-झौड़ा मार्ग पर नहेली मोड़ के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक महिला की पहचान सीता देवी पत्नी धर्म चंद निवासी गांव भेड़ोई, डाकघर डंडी, तहसील सलूणी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दर्शन कुमार अपनी माता को लेकर तेलका से घर लौट रहा था। इसी दौरान नहेली मोड़ के पास कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को वाहन से बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सालवां पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान सीता देवी ने दम तोड़ दिया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल दर्शन कुमार को बेहतर इलाज के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को करवाया जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *