खेलो हिमाचल अभियान की ऊना से होगी शुरुआत, 12 जिलों में होंगे मुकाबले; विजेताओं को मिलेंगे लाखों के इनाम

23 नवम्बर: ऊना से प्रदेशव्यापी ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान 2026’ की शुरुआत होने जा रही है। युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के माध्यम से उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से युवा सेवाएं एवं खेल विभाग यह अभियान शुरू करेगा। इसके तहत प्रदेश के सभी 12 जिलों और 83 उपमंडलों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष तक के युवा भाग ले सकेंगे।

यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त ऊना ईशांत जसवाल ने सोमवार को अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य खेलों को जनभागीदारी का माध्यम बनाकर स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त युवा पीढ़ी का निर्माण करना है। प्रतियोगिताओं में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग मुकाबले होंगे। वहीं, 18 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागियों के लिए बाल संरक्षण और अभिभावकों की सहमति से संबंधित नियम लागू रहेंगे।

अभियान के पहले चरण में क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, हॉकी, कुश्ती, फुटबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी सहित 10 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित होंगी। उपमंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ी जिला स्तरीय मुकाबलों में भाग लेंगे, जबकि जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में खेलने का अवसर मिलेगा।

अभियान के तहत खेल प्रतियोगिताओं के साथ चिट्टा मुक्त जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान में युवाओं के साथ शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और समुदायों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

खिलाड़ियों का पंजीकरण समर्पित गेम्स मैनेजमेंट सिस्टम (जीएमएस) के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रत्येक पंजीकृत खिलाड़ी को विशिष्ट ‘खेलो हिमाचल एथलीट आईडी’ जारी की जाएगी।

प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को आकर्षक नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। उपमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी या टीम को 51 हजार, द्वितीय स्थान पर 41 हजार और तृतीय स्थान पर 31 हजार रुपये मिलेंगे। जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार दो लाख, द्वितीय डेढ़ लाख और तृतीय एक लाख रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, राज्य स्तर पर प्रथम स्थान के लिए तीन लाख 10 हजार, द्वितीय के लिए डेढ़ लाख और तृतीय स्थान के लिए एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कुश्ती और रस्साकशी के राज्य स्तरीय विजेताओं के लिए विशेष नकद पुरस्कारों का भी प्रावधान किया गया है। विजेताओं को पदक, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

ईशांत जसवाल ने कहा कि इस पहल से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित होगी। बैठक में राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य अशोक ठाकुर, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोमलाल धीमान, एएसपी ऊना अजय राणा, जिला खेल अधिकारी प्रिंस पठानिया, स्वास्थ्य विभाग से गोपाल कृष्ण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *