नालागढ़ के माजरा में विवाद की जांच के दौरान संदिग्ध ग्रेनेडनुमा वस्तु बरामद, क्षेत्र सील

29 सितम्बर, कविता शान्ति गौतम :पुलिस चौकी जोघों के अंतर्गत गांव माजरा, डाकघर बरूणा, नालागढ़ में मंगलवार को दो पक्षों के बीच आपसी विवाद और झगड़े की सूचना मिली। मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस थाना नालागढ़ में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक घर के समीप संदिग्ध ग्रेनेडनुमा वस्तु बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, वस्तु की वास्तविक प्रकृति और स्थिति की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।

आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने एहतियातन आसपास का क्षेत्र खाली करवाकर संबंधित स्थान को सुरक्षित और सील कर दिया है। संदिग्ध वस्तु की सुरक्षित जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए बम डिस्पोजल टीम को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल की सुरक्षा और साक्ष्यों के संरक्षण के लिए आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने आम जनता से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास अनावश्यक रूप से एकत्रित न हों और किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें।

पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन एवं निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *