14 सितंबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 17 और 18 सितंबर को नादौन विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 16 सितंबर की शाम ऊना से अपने पैतृक गांव सेरा के विश्राम गृह पहुंचेंगे।
17 सितंबर को मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे आईटीआई रैल परिसर में नए भवन की आधारशिला रखने के साथ पौधारोपण करेंगे। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैल के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन तथा जन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करेंगे। दोपहर बाद वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैल के भवन का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम सेरा के विश्राम गृह में करेंगे।
18 सितंबर को सुबह करीब साढ़े 11 बजे मुख्यमंत्री सधोड़ा पत्तन के पास ब्यास नदी पर बनने वाले पुल का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह आईटीआई रैल के हेलीपैड से शिमला के लिए रवाना होंगे।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, मेडिकल कॉलेज और आयुष विभाग के अधिकारियों को रैल में आयोजित होने वाले जन स्वास्थ्य शिविर के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
उपायुक्त ने रैल और आसपास की सभी ग्राम पंचायतों के लोगों से जन स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि शिविर में कई विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। लोगों को विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षणों की सुविधा भी मौके पर उपलब्ध करवाई जाएगी।