नादौन में खंड स्तरीय गणित एवं वर्तनी प्रतिभा प्रतियोगिता आयोजित, 22 स्कूलों के विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

24 सितंबर, नरेश मलोटिया : पीएम श्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में खंड स्तरीय गणित प्रतिभा एवं वर्तनी प्रतिभा प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में शिक्षा खंड नादौन के 22 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें 17 क्यूएसपी और 5 गैर-क्यूएसपी विद्यालय शामिल रहे।

आचार्य नरेश मलोटिया ने बताया कि गणित प्रतिभा प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेरा ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बदारन ने द्वितीय और राजकीय उच्च विद्यालय बूणी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वर्तनी प्रतिभा प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेरा ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन ने द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बदारन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनमें आत्मविश्वास, त्वरित सोच, विषयगत दक्षता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास करने और हर अवसर का लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।

उपप्रधानाचार्य परमजीत सिंह ने भी सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों और विद्यालयों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की भागीदारी उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

आचार्य नरेश मलोटिया ने बताया कि सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए प्रतिभागी विद्यालयों, विद्यार्थियों और आयोजन से जुड़े शिक्षकों का आभार व्यक्त किया तथा विजेता विद्यार्थियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *