नाचन में विशेष प्रचार अभियान शुरू, सरकारी योजनाओं और नशा मुक्ति का दिया संदेश

23 जुलाई: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, अनुसूचित जाति कल्याण कार्यक्रमों, “चिट्टा मुक्त हिमाचल–नशामुक्त मंडी” अभियान तथा सरकार की उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नाचन विधानसभा क्षेत्र में विशेष प्रचार अभियान का शुभारंभ किया।

अभियान के तहत गुरुवार को ग्राम पंचायत नौण के गांव कोट और ग्राम पंचायत गोहर के गांव गोहर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में मांडव्य कला मंच, मंडी के कलाकारों ने गीत-संगीत, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग, विधवा एवं एकल महिलाओं के लिए संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि पात्र युवाओं को एक वर्षीय पीजीडीसीए और डीसीए पाठ्यक्रम करवाए जाते हैं। प्रशिक्षण अवधि में पात्र लाभार्थियों को 1,000 रुपये प्रतिमाह प्रशिक्षण भत्ता और 1,500 रुपये प्लेसमेंट स्टाइपेंड दिया जाता है, जबकि दिव्यांग लाभार्थियों के लिए 1,200 रुपये प्रतिमाह प्रशिक्षण भत्ता और 1,800 रुपये प्लेसमेंट स्टाइपेंड का प्रावधान है।

कलाकारों ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना सहित प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

नुक्कड़ नाटकों और प्रेरक गीतों के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने तथा “चिट्टा मुक्त हिमाचल–नशामुक्त मंडी” अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया गया। साथ ही लोगों से समाज को नशामुक्त बनाने और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की गई।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत नौण के प्रधान कुलदीप कुमार, बीडीसी सदस्य उर्मिला कुमारी, पंचायत सदस्य राजेंद्र कुमार एवं तनु, ग्राम पंचायत गोहर के उपप्रधान ललित कुमार, पंचायत सदस्य मीना कुमारी, अनामिका, योगेश, लाहुली देवी, दीपिका, सूरदास, कर्म सिंह, मांडव्य कला मंच के संस्थापक कुलदीप गुलेरिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *