नशे के खिलाफ जागरूकता ही युवा शक्ति की सबसे बड़ी ढाल: ASP रेनू शर्मा

26 अगस्त, तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में NDPS अधिनियम एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर विशेष जागरूकता व्याख्यान आयोजित

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में CIDSTF के सौजन्य तथा NSS, राजनीति विज्ञान, इतिहास, समाजशास्त्र एवं हिंदी विभाग के संयुक्त सहयोग से NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस) अधिनियम और नशा उन्मूलन विषय पर विशेष जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ASP रेनू शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को मादक पदार्थों की तस्करी, सप्लाई नेटवर्क, युवाओं पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा नशे से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

ASP रेनू शर्मा ने कहा कि मादक पदार्थों का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति या परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पूरे समाज और देश की सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने बताया कि नशे की शुरुआत अक्सर जिज्ञासा, साथियों के दबाव या मौज-मस्ती के नाम पर होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर और पारिवारिक जीवन को प्रभावित कर सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सजग नागरिक की भूमिका निभाना जरूरी है। यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसे अपराधी समझकर दूर करने के बजाय उचित सहायता और प्रशासनिक सहयोग के माध्यम से नशे से बाहर आने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।

ASP रेनू शर्मा ने बताया कि पुलिस और प्रशासन द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्यों, कानूनी प्रावधानों और प्रशासन की कार्रवाई की जानकारी भी दी।

व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने नशे की तस्करी, इसके स्रोत, सप्लाई चैन, कानूनी प्रावधानों और बचाव के उपायों से जुड़े सवाल पूछे। ASP रेनू शर्मा ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के विस्तारपूर्वक उत्तर दिए और उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित प्रशासनिक एजेंसी तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करने के साथ उन्हें जिम्मेदार एवं सजग नागरिक बनाना रहा। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में गंभीरता और उत्साह के साथ भाग लिया तथा इसे ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताया।

कार्यक्रम के अंत में प्रो. अंजलि शर्मा ने मुख्य वक्ता, अतिथियों, आयोजकों, विभागों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रो. नरेश कुमार, प्रो. अश्वनी कुमार, प्रो. निशेष कुमार सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *