नशा तस्करों पर ही नहीं, उनकी अवैध संपत्ति और पूरे नेटवर्क पर भी प्रहार: सीएम सुक्खू

14 सितम्बर:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार और पुलिस द्वारा नशा तस्करों के साथ-साथ नशे से अर्जित अवैध संपत्ति तथा उनके पूरे नेटवर्क पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए लगभग 3.27 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने के लिए नूरपुर पुलिस को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जब्त की गई संपत्तियों में कोठी, भूमि, होटल, दुकानें, वाहन और बैंक खाते शामिल हैं। नूरपुर पुलिस अब तक 17 मामलों में 29.95 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि आदतन नशा अपराधियों के खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस कानून के तहत भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही पंचायत स्तर तक नशा माफिया की मैपिंग की जा रही है, ताकि केवल छोटे स्तर के तस्करों तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति और उसके पूरे नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और इसे नशे की गिरफ्त में नहीं आने दिया जाएगा।

उन्होंने प्रदेशवासियों से भी नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को नशे के कारोबार से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो वह उसे पुलिस के साथ साझा करे। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में प्रदेश की जनता का सहयोग सबसे बड़ी ताकत है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *