3 मई: विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी के नगर परिषद क्षेत्र में उस समय हलचल मच गई, जब गुफा पार्किंग के पास स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में कार्यरत कर्मचारी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बनारसी दास के रूप में हुई है, जो लंबे समय से यहां कार्यरत था। बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शौचालय का एक दरवाजा अंदर से बंद है और आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने खिड़की की जाली हटाकर अंदर प्रवेश किया, जहां कर्मचारी फर्श पर पड़ा मिला। उसके माथे पर हल्के चोट के निशान भी देखे गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि संतुलन बिगड़ने या गिरने के कारण उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है और लंबे समय से यहां रह रहा था। फिलहाल उसके परिजनों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बिलासपुर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।