नगर पंचायत चुनाव में एक ही सीट पर पति-पत्नी आमने-सामने, भतीजे की एंट्री से मुकाबला और रोचक

4 मई: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले की नगर पंचायत गगरेट के चुनाव इस बार खास चर्चा में हैं। वार्ड नंबर-1 में एक ही सीट के लिए पति-पत्नी के आमने-सामने आने से चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। आमतौर पर पति-पत्नी अलग-अलग पदों पर चुनाव लड़ते हैं, लेकिन यहां दोनों एक ही सीट से दावेदारी कर रहे हैं।

जब दोनों एक साथ नामांकन भरने पहुंचे तो यह नजारा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। कुसुमलता, जो पिछले कार्यकाल में उपप्रधान रह चुकी हैं, अपने कार्यकाल और अनुभव के आधार पर मजबूत उम्मीदवार मानी जा रही हैं। वहीं, तरसेम लाल भी चुनावी मैदान के अनुभवी चेहरे हैं, जो नगर पंचायत बनने के बाद से कई बार चुनाव लड़ चुके हैं और चार बार जीत हासिल कर चुके हैं।

इस मुकाबले को और दिलचस्प तब बना दिया जब तरसेम लाल के सगे भतीजे सज्जन शर्मा ने भी नामांकन दाखिल कर दिया। इसके अलावा विकास कालिया के मैदान में उतरने से यह सीट चार उम्मीदवारों के बीच मुकाबले में बदल गई है।

अब यह चुनाव केवल एक सीट की लड़ाई नहीं, बल्कि परिवार के भीतर अलग-अलग दावेदारी का भी उदाहरण बन गया है। वार्ड नंबर-1 गगरेट की सबसे चर्चित सीट बन चुकी है, जहां हर उम्मीदवार जीत के लिए प्रयास कर रहा है।

फिलहाल सभी की नजरें नाम वापसी की तारीख पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोई उम्मीदवार पीछे हटता है या फिर मुकाबला अंत तक इसी तरह जारी रहता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *