धारागाड़ गांव में मकान में लगी भीषण आग, दो परिवारों को भारी नुकसान

7 अक्तूबर: उपमंडल बंजार मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर तीर्थन घाटी की ग्राम पंचायत कण्डीधार के धारागाड़ गांव में बुधवार सुबह करीब 5 बजे एक मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार आग धारागाड़ निवासी जय चंद पुत्र गंगा राम के मकान में लगी। आगजनी की इस घटना में दोनों परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।

तहसीलदार बंजार नीरज शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान की गई है। मौके पर पहुंचकर दोनों प्रभावित परिवारों को 10-10 हजार रुपये की अंतरिम राहत राशि दी गई। इसके अलावा आवश्यक घरेलू सामान भी उपलब्ध करवाया गया, ताकि प्रभावित परिवारों को तत्काल जरूरत की वस्तुएं मिल सकें।

उन्होंने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। नुकसान का पूरा आकलन होने के बाद प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अतिरिक्त राहत राशि भी प्रदान की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *