जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए बीआईएस ने मंडी में आयोजित की संवेदीकरण कार्यशाला

7 अक्तूबर: भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के परवाणू शाखा कार्यालय की ओर से बुधवार को डीआरडीए सभागार मंडी में जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने की।

अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण उत्पादों और सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मानकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को भारतीय मानक ब्यूरो के साथ समन्वय स्थापित कर मानकीकरण और गुणवत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

कार्यशाला में अधिकारियों को बीआईएस की गतिविधियों, मानकों के महत्व, प्रमाणन व्यवस्था, गुणवत्ता नियंत्रण और उपभोक्ता हितों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं के बारे में भी अवगत करवाया गया।

बीआईएस परवाणू शाखा कार्यालय के गोरेनांद यादव, वैज्ञानिक-सी एवं संयुक्त निदेशक तथा अमित तिवारी, वैज्ञानिक-बी एवं सहायक निदेशक ने अधिकारियों को ई-बीआईएस पोर्टल और बीआईएस केयर ऐप के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग, गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों के कार्यान्वयन और उपभोक्ता सशक्तिकरण के लिए बीआईएस केयर ऐप, मानक ऑनलाइन पोर्टल और बीआईएस वेबसाइट के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने अनिवार्य उत्पादों पर आईएसआई मार्क और सीआरएस पंजीकरण मार्क की पहचान, बिना आईएसआई मार्क और बिना हॉलमार्क वाले उत्पादों की बिक्री पर अंकुश लगाने में जिला प्रशासन की भूमिका तथा बीआईएस के माध्यम से शिकायत निवारण प्रक्रिया के बारे में भी अधिकारियों को जागरूक किया।

कार्यशाला के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने बीआईएस से संबंधित सवाल और शंकाएं रखीं, जिनका बीआईएस अधिकारियों ने समाधान किया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *