23 मई: फिट इंडिया मूवमेंट के तहत धर्मशाला स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) में रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की थीम ‘स्टार्ट ऑफ कॉमनवेल्थ गेम्स-2030’ रखी गई है। इसका उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और वर्ष 2030 में भारत में प्रस्तावित कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए जनसमर्थन तैयार करना है।
कार्यक्रम में कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान Babita Phogat मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं फिट इंडिया एंबेसेडर दीपक मिश्रा भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। दोनों युवाओं को खेलों और फिटनेस के प्रति प्रेरित करेंगे। इसके अलावा भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय निदेशक शैलेंद्र कुमार और कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
साई धर्मशाला के असिस्टेंट डायरेक्टर जेपी साहनी के अनुसार, ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान में 100 से अधिक खिलाड़ी, प्रशिक्षु और स्थानीय लोग हिस्सा लेंगे। साइकिल रैली के जरिए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान योग और स्किपिंग रोप गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
गौरतलब है कि भारत में आखिरी बार वर्ष 2010 में दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन हुआ था। अब 20 साल बाद भारत फिर से कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की तैयारी में जुटा है।