देहरा में ब्यास पुल के पास बीयर से लदा ट्रक पलटा, बाल-बाल बचा चालक

8 अक्तूबर: राष्ट्रीय राजमार्ग पर रानीताल-मुबारिकपुर के बीच देहरा में ब्यास नदी पुल के समीप गुरुवार सुबह बीयर से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार ट्रक जब ब्यास पुल के समीप पहुंचा तो अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने यह सुनिश्चित किया कि हादसे में कोई व्यक्ति घायल तो नहीं हुआ है। दुर्घटना के कारणों की फिलहाल जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हाईवे से हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *