ओडिशा के 59 छात्रों से मनाली में मिले मंत्री राजेश धर्माणी, हिमाचली संस्कृति और परंपराओं पर की चर्चा

8 अक्तूबर: ‘युवा संगम-7’ कार्यक्रम के तहत ओडिशा के 32 जिलों से हिमाचल प्रदेश भ्रमण पर आए 59 छात्र-छात्राओं ने मनाली के माल रोड पर हिमाचल की संस्कृति और स्थानीय जीवन को करीब से जाना। छात्र-छात्राएं 1 से 10 अक्तूबर, 2026 तक आईआईटी हमीरपुर और हिमाचल के निर्धारित शिक्षण संस्थानों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।

मनाली के माल रोड पर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण तथा नगर एवं ग्राम योजना मंत्री राजेश धर्माणी ने ओडिशा से आए विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों से हिमाचल प्रदेश, यहां की संस्कृति, पर्यटन स्थलों और स्थानीय परंपराओं के बारे में बातचीत की तथा उनके अनुभव भी जाने।

मंत्री ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें मनाली की स्थानीय संस्कृति और खान-पान से भी परिचित करवाया। इस दौरान उन्होंने ओडिशा से आए छात्रों के साथ माल रोड पर मोमो का आनंद लिया। विद्यार्थियों ने हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता, आतिथ्य और स्थानीय संस्कृति की सराहना की।

इस अवसर पर मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ भी उपस्थित रहे।

‘युवा संगम’ भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की पहल है, जिसके माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं, शिक्षा, पर्यटन और जीवनशैली को समझने का अवसर मिलता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *