8 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की निहरी शाखा की ओर से ग्राम पंचायत चौकी में डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार और निशांत शर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों को बैंक और नाबार्ड की विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर के दौरान लोगों को बचत खाता, आरडी, फिक्स्ड डिपॉजिट, सपनों का संचय, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड, पिकअप लोन, शिक्षा ऋण सहित अन्य ऋण सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
बैंक प्रतिनिधियों ने डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन भुगतान के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी जागरूक किया। इस दौरान गूगल पे, हिमपैसा सहित विभिन्न डिजिटल भुगतान माध्यमों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। लोगों को साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।
शिविर में मौजूद ग्रामीणों ने वित्तीय योजनाओं और डिजिटल बैंकिंग से जुड़ी जानकारी में रुचि दिखाई तथा डिजिटल वित्तीय सेवाओं को सुरक्षित तरीके से अपनाने के प्रति जागरूकता व्यक्त की।