11 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल के तहत पंडोह-टकोली खंड के एनएच-03 पर देवड़ और हनोगी सुरंगें 11 सितंबर से यातायात के लिए खोल दी जाएंगी। इन सुरंगों के शुरू होने से कुल्लू-मनाली और आगे लेह-लद्दाख की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। देवड़ सुरंग की लंबाई 2.8 किलोमीटर, जबकि हनोगी सुरंग की लंबाई 650 मीटर है। इनके संचालन से प्रभावित सड़क क्षेत्र करीब 6 किलोमीटर से घटकर 3.5 किलोमीटर रह जाएगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे हिमाचल प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में लोगों के लिए सुरक्षित, तेज और विश्वसनीय सड़क संपर्क विकसित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
पर्यटन सीजन के दौरान जोगनी माता मंदिर, देवड़ और हनोगी क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ने से अक्सर एक से दो घंटे या उससे भी अधिक समय तक जाम की स्थिति बनी रहती है। सुरंगों के खुलने से इन क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होने और यात्रियों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
देवड़ और हनोगी सुरंगें एनएच-21 के एंड ऑफ पंडोह बाईपास-टकोली खंड के 4,465.94 करोड़ रुपये के फोरलेनिंग प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं। करीब 18.908 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर का निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मोड के तहत किया जा रहा है।
सड़क संपर्क बेहतर होने और यातायात सामान्य रहने की स्थिति में मंडी से कुल्लू की यात्रा का समय करीब दो घंटे से घटकर लगभग 60 मिनट रह जाने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटकों और लेह-लद्दाख की ओर जाने वाले यात्रियों को भी काफी सुविधा मिलेगी।