11 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 16 सितंबर से शुरू होने वाली राज्य मुक्त विद्यालय की परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और नकल-विहीन बनाने के लिए बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने परीक्षा केंद्रों के लिए कड़े सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। इस बार परीक्षा केंद्रों के हर हिस्से पर सीसीटीवी कैमरों और लाइव मॉनीटरिंग के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की गोपनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों के हॉल, कमरों तथा प्रवेश और निकास द्वारों पर चालू हालत में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। संभव होने पर ऑडियो रिकॉर्डिंग और निर्बाध लाइव मॉनीटरिंग के लिए स्टैटिक आईपी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय सामग्री की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी निगरानी वाले कमरों में डबल लॉक वाली स्टील अलमारी का इस्तेमाल किया जाएगा। इन कमरों में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
परीक्षा केंद्रों को पूरी परीक्षा अवधि की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग कम से कम छह महीने तक सुरक्षित रखनी होगी। किसी भी नेटवर्क या तकनीकी खराबी की स्थिति में इसकी सूचना तुरंत बोर्ड को देनी होगी। परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत ‘एग्जाम मित्रा एप’ के माध्यम से बोर्ड को भेजनी होंगी। बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों को पूरी व्यवस्था का अंतिम ट्रायल करने के निर्देश भी दिए हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे बंद करना, फुटेज डिलीट करना या उसमें किसी भी तरह की छेड़छाड़ करना गंभीर अनियमितता मानी जाएगी। परीक्षा व्यवस्था की संयुक्त जिम्मेदारी स्कूल प्रमुख और आईटी इनविजिलेटर की होगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।