भिवानी के राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में हिमाचल के हाकम भारद्वाज और करमचंद सिप्पी ने बढ़ाया प्रदेश का मान

28 अक्तूबर, बबलू सूर्यवंशी : हरियाणा के भिवानी स्थित प्रणामी कृष्ण मंदिर में शबदाक्षर संस्था की ओर से 24 से 26 अक्टूबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस साहित्यिक महाकुंभ में देशभर के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 125 कवियों, साहित्यकारों और रचनाकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व शबदाक्षर के प्रदेश अध्यक्ष हाकम भारद्वाज (दरटालवी) और महासचिव करमचंद सिप्पी ने किया।

सम्मेलन के दौरान हाकम भारद्वाज ने अपनी हास्य कविताओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। उनकी रचनाओं के माध्यम से जहां लोगों का मनोरंजन हुआ, वहीं समाज को सकारात्मक संदेश भी दिया गया। दूसरी ओर, करमचंद सिप्पी ने अपनी देशभक्ति से ओतप्रोत कविताओं के माध्यम से श्रोताओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई। उनकी प्रस्तुतियों के दौरान पूरा पंडाल भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।

इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से आए 125 कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्य और संस्कृति के विविध रंग प्रस्तुत किए। आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में प्रस्तुत कविताओं और रचनाओं का आधुनिक संचार माध्यमों के जरिए 56 देशों तक प्रसार हुआ। राष्ट्रीय मंच पर हिमाचल के दोनों साहित्यकारों की भागीदारी को प्रदेश की साहित्यिक प्रतिभा और सांस्कृतिक पहचान के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *