मंडी-मनाली नेशनल हाईवे पर दो कारों में जोरदार टक्कर, तीन घायल

11 सितंबर: मंडी-मनाली नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब सात बजे डेवड के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से मंडी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। फिलहाल घायलों की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यूपी नंबर की एक कार कैंची मोड़ से फोरलेन पर गलत दिशा से होते हुए डेवड की तरफ पहुंची। इसी दौरान कुल्लू की ओर से आ रही एक टैक्सी कार से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।

हादसे की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी के जवान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यूपी नंबर की कार गलत दिशा से फोरलेन पर आई थी। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका वास्तविक पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *