किरतपुर-मनाली फोरलेन पर भीषण हादसा, बस खाई में गिरी; चार की मौत

28 अक्तूबर: किरतपुर-मनाली फोरलेन पर बुधवार सुबह देहणी के समीप एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। पंजाब नंबर की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में सवार लोग कुल्लू दशहरा उत्सव में सेवाएं देने के बाद वापस पंजाब लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि देहणी के पास पहुंचने पर बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की 1033 हेल्पलाइन टीम घटनास्थल पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब, पंजाब भेज दिया। संबंधित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पंजाब प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *