18 जून : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार ने किशाऊ बांध परियोजना को लेकर केंद्र सरकार के समक्ष हिमाचल प्रदेश का पक्ष मजबूती से रखा, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ हुई बैठक में प्रदेश सरकार ने परियोजना से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में हरियाणा और दिल्ली को 90:10 के अनुपात में अनुदान देने का प्रस्ताव था, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को इस लाभ से बाहर रखा जा रहा था। राज्य सरकार ने इस पर अपना पक्ष मजबूती से रखा, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद निर्णय लिया गया कि किशाऊ परियोजना में हिमाचल प्रदेश को किसी प्रकार का निवेश नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि परियोजना शुरू होने के पांच वर्ष बाद प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग 600 करोड़ रुपये की आय प्राप्त होगी, जिससे राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।
बुधवार को गगल हवाई अड्डे पहुंचने पर मुख्यमंत्री का कांग्रेस नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान उन्हें हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर पंचायत चुनावों को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के अधिकांश पंचायत प्रतिनिधि कांग्रेस समर्थित हैं। वहीं, मनीषा मित्तल हत्याकांड के संबंध में उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।