28 मई: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जून-जुलाई 2026 में आयोजित होने वाली मैट्रिक और जमा दो की सप्लीमेंट्री, कंपार्टमेंट और अंक सुधार परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि सभी आवेदन ऑनलाइन माध्यम से संबंधित स्कूलों और संस्थानों के जरिए ही स्वीकार किए जाएंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस परीक्षा में नए विद्यार्थियों को बैठने की अनुमति नहीं होगी।
इच्छुक अभ्यर्थी बिना विलंब शुल्क के 1 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि 1000 रुपए लेट फीस के साथ 5 जून 2026 तक फॉर्म जमा किए जा सकेंगे।
बोर्ड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मैट्रिक स्तर पर एसेंशियल इंप्रूवमेंट श्रेणी में वे विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने पांच अनिवार्य विषयों में से कम से कम तीन विषय पास किए हों। वहीं ऑप्शनल इंप्रूवमेंट श्रेणी उन छात्रों के लिए होगी, जो सभी विषयों में उत्तीर्ण हैं लेकिन अपने अंक सुधारना चाहते हैं। कंपार्टमेंट श्रेणी के विद्यार्थी भी मौजूदा नियमों के तहत आवेदन कर सकेंगे।
जमा दो स्तर पर भी कंपार्टमेंट और ऑप्शनल इंप्रूवमेंट श्रेणी के छात्रों को परीक्षा में बैठने का अवसर मिलेगा। बोर्ड के अनुसार मैट्रिक कंपार्टमेंट और एसेंशियल इंप्रूवमेंट के लिए 700 रुपए प्रति विषय शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि ऑप्शनल इंप्रूवमेंट के लिए 950 रुपए प्रति विषय फीस तय की गई है। जमा दो स्तर पर कंपार्टमेंट और अतिरिक्त विषय के लिए 700 रुपए प्रति विषय तथा इंप्रूवमेंट ऑफ परफॉर्मेंस के लिए 1150 रुपए शुल्क रखा गया है।