मंडी पंचायत चुनाव में ससुर-बहू की जोड़ी चर्चा में, बहू बनी प्रधान तो 96 वर्षीय ससुर बने उपप्रधान

28 मई: मंडी जिले के सुंदरनगर विकास खंड की चनौल पंचायत में इस बार पंचायत चुनाव के नतीजे खास चर्चा का विषय बने हुए हैं। यहां ससुर और बहू की जोड़ी ने एक साथ जीत हासिल कर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

चनौल पंचायत में नीलम ठाकुर प्रधान चुनी गई हैं, जबकि उनके 96 वर्षीय ससुर शंकर सिंह ने लगातार चौथी बार उपप्रधान पद पर जीत दर्ज की है।

शंकर सिंह लंबे समय से पंचायत राजनीति से जुड़े रहे हैं। उनका राजनीतिक सफर वर्ष 1973 से शुरू हुआ था। वे पहले पंचायत प्रधान भी रह चुके हैं और पिछले 16 वर्षों से लगातार उपप्रधान पद पर जीत हासिल कर रहे हैं। उम्र के इस पड़ाव में भी उनकी सक्रियता और जनसंपर्क लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

वहीं, नवनिर्वाचित प्रधान नीलम ठाकुर भी पंचायत राजनीति में अनुभवी चेहरा हैं। उन्होंने वर्ष 2010 में पहली बार प्रधान पद संभाला था। इसके बाद 2015 में जिला परिषद सदस्य भी चुनी गईं। हालांकि 2021 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार जनता ने दोबारा उन पर भरोसा जताया है।

इस चुनाव की खास बात दोनों की अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराएं भी रहीं। जहां नीलम ठाकुर को भाजपा समर्थक माना जाता है, वहीं शंकर सिंह कांग्रेस विचारधारा से जुड़े रहे हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *