त्रिपुरा में आठ बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, एयरपोर्ट से बाहर जाने की थी तैयारी

29 जून : त्रिपुरा पुलिस ने रविवार शाम आठ बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि सभी गैर-कानूनी तरीके से भारत में दाखिल हुए थे और अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम एयरपोर्ट के रास्ते राज्य से बाहर जाने की तैयारी में थे।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि चार बांग्लादेशी नागरिक त्रिपुरा में अवैध रूप से प्रवेश कर एयरपोर्ट के जरिए दूसरे राज्य जाने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और सबसे पहले चार संदिग्धों को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने एयरपोर्ट के आसपास से चार अन्य बांग्लादेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार कर लिया। हवाई अड्डा थाना के अधिकारियों के अनुसार, सभी आठ लोग कोलकाता के रास्ते दक्षिण भारत के किसी राज्य में जाने की योजना बना रहे थे।

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि ये लोग त्रिपुरा में कैसे दाखिल हुए, उनका अंतिम गंतव्य क्या था और क्या यह मामला मानव तस्करी या अवैध आव्रजन से जुड़े किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *