25 जून : उपमंडल ऊना के अंतर्गत अजोली-सनोली सड़क मार्ग का एक हिस्सा आगामी तीन महीनों तक यातायात के लिए बंद रहेगा। सड़क के सुदृढ़ीकरण और सुधार कार्यों को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
उपायुक्त ऊना जतिन लाल द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अजोली से सनोली सड़क मार्ग पर पंजाब सीमा क्षेत्र (किलोमीटर 3/400 से 4/600) तक 26 जून से 26 सितंबर 2026 तक वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
सड़क बंद रहने के दौरान यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। सनोली की ओर जाने वाले वाहनों को मेलवां रोड से डायवर्ट किया जाएगा, जबकि शिवबाड़ी से कलोह बायपास मार्ग को भी वैकल्पिक रास्ते के रूप में उपयोग किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि यह आदेश मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 और 116 के तहत जारी किए गए हैं, ताकि निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में सुरक्षित और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
उन्होंने संबंधित विभागों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क बंद होने और ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी आम जनता तक समय रहते पहुंचाई जाए। इसके लिए मार्गों पर अग्रिम सूचना बोर्ड और दिशा-निर्देश संकेतक लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।