10 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जवाली क्षेत्र में तीन दिन से लापता 24 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान साहिल कुमार (24) पुत्र मलकीयत सिंह निवासी जरोट के रूप में हुई है। साहिल 7 जुलाई से लापता था। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर 8 जुलाई को जवाली थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। इसके बाद पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
शुक्रवार को पंचायत पनालथ के देहरी स्थित एक खंडहरनुमा शेड में साहिल का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक जवाली वीरी सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच जारी है।