14 जुलाई: हमीरपुर जिले की उपायुक्त (डीसी) गन्धर्वा राठौड़ ने मंगलवार को ग्राम पंचायत बारीं का औचक निरीक्षण कर पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, आंगनबाड़ी केंद्रों और प्राकृतिक जल स्रोतों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने पंचायत के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई और संरक्षण कार्यों का निरीक्षण करते हुए बारी गांव स्थित पुराने कुएं की साफ-सफाई का भी जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और उनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
दौरे के दौरान डीसी गन्धर्वा राठौड़ ने महिला मंडल चाहड़ और बारी महिला मंडल की सदस्यों के साथ संवाद किया। उन्होंने प्रदेश सरकार की नशा विरोधी मुहिम का उल्लेख करते हुए महिलाओं से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने और समाज से नशे की बुराई को समाप्त करने में अहम भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी टौणीदेवी वैशाली शर्मा, पंचायत प्रधान राजीव चौहान, उपप्रधान अशोक कुमार, वार्ड पंच रीना कुमारी तथा अंजू देवी भी मौजूद रहे। पंचायत प्रतिनिधियों ने डीसी को क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।