ममलीग में 500 किलोवाट सौर परियोजना शुरू, स्वच्छ ऊर्जा के साथ बढ़ेगी पंचायत की आमदनी

14 जुलाई: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम के जरिए जिला सोलन की ग्राम पंचायत ममलीग में ग्रीन पंचायत योजना के तहत 500 किलोवाट क्षमता की ग्राउंड माउंटेड सौर ऊर्जा परियोजना का उद्घाटन किया। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का निर्माण कार्य 23 दिसंबर 2024 को शुरू हुआ था और 24 फरवरी 2026 को इसे विद्युत ग्रिड से जोड़ दिया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना से वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 3,000 यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन हो रहा है, जबकि सालाना करीब 8 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। विद्युत खरीद समझौते के अनुसार हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड इस बिजली को 3.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदेगा, जिससे राज्य को स्वच्छ ऊर्जा के साथ स्थायी राजस्व भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना का राजस्व वितरण मॉडल जनहित पर आधारित है। कुल आय का 25 प्रतिशत ग्राम पंचायत के विकास कार्यों, 25 प्रतिशत अनाथों और विधवाओं के कल्याण, 20 प्रतिशत प्रदेश सरकार, 20 प्रतिशत हिमऊर्जा तथा 10 प्रतिशत संचालन एवं रखरखाव पर खर्च किया जाएगा। इस परियोजना से ग्राम पंचायत को प्रतिवर्ष लगभग 14 लाख रुपये की आय होगी। 25 वर्ष की आयु वाली यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास और सामाजिक समृद्धि का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए पंचायतों में सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों और दूध पर देश में सबसे अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान कर रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य गांवों में भी शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

ममलीग में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों के 80 प्रतिशत से अधिक पद भर दिए गए हैं, जबकि पैरामेडिकल स्टाफ और तकनीशियनों की नियुक्तियां भी की गई हैं। उन्होंने कहा कि अब सरकारी अस्पतालों में एमआरआई, थ्री टेस्ला और रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। साथ ही राज्य सरकार नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चला रही है, जिसमें सभी लोगों से सहयोग की अपील की गई।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *