22 अप्रैल: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के झाकड़ी क्षेत्र में जंगल में लगी आग ने एक चरवाहे परिवार को भारी नुकसान पहुंचाया। ब्रौनी खड्ड के ऊपर भड़की आग तेजी से फैलते हुए पास बने डेरे तक पहुंच गई, जिससे वहां रह रहे परिवार की आजीविका पूरी तरह प्रभावित हो गई।
पीड़ित अंशुल सिंह, निवासी गांव खड़काग (डाकघर झाकड़ी), ने बताया कि आग अचानक बेकाबू हो गई और उनके डेरे को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में उनकी 9 बकरियां मर गईं, जबकि 2 मेमने घायल अवस्था में बचाए जा सके।
आग के कारण डेरे में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। इसमें राशन, कपड़े, बर्तन, सोलर लाइट, टॉर्च, मोबाइल, पावर बैंक और टैंट शामिल हैं। इसके अलावा 19 अप्रैल को भेड़ें बेचकर रखी गई करीब 1 लाख रुपये की नकदी भी आग में नष्ट हो गई।
अंशुल सिंह के अनुसार इस घटना में उन्हें लगभग 2.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अचानक हुए इस नुकसान से परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित को जल्द राहत और उचित मुआवजा देने की मांग की है।