ज्वालामुखी में शनि देव मंदिर की मूर्तियां खंडित, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

8 अक्तूबर: ज्वालामुखी के वार्ड नंबर-5 स्थित प्राचीन शनि देव मंदिर में मूर्तियां खंडित करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रेंखा निवासी वीरेंद्र सिंह उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मंदिर की मुख्य मूर्ति और पास ही स्थापित शिवलिंग को खंडित पाया। घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई। धार्मिक आस्था से जुड़े मामले को लेकर लोगों में रोष देखा गया और लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेने के बाद जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और कुछ ही घंटों में वीरेंद्र सिंह उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह भी पता चला है कि क्षेत्र में शनि देव मंदिर के अलावा पहले भी कुछ अन्य स्थानों पर मूर्तियां खंडित किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन घटनाओं में भी आरोपी की कोई भूमिका रही है या नहीं। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि अन्य मामलों में उसकी भूमिका की स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *