एनआईटी हमीरपुर के पास युवक को स्कूटी से घसीटा, घायल कर आरोपी फरार

8 अक्तूबर: हमीरपुर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के समीप गरने दा गलू इलाके में बुधवार शाम दो युवकों के बीच विवाद के बाद एक युवक को स्कूटी से घसीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूटी सवार युवक ने दूसरे युवक को रोकने के बजाय स्कूटी तेज कर दी, जिससे वह सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया। घटना के बाद आरोपी घायल युवक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवकों के बीच पहले से किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान पैदल चल रहे युवक ने स्कूटी सवार को रोकने के लिए पीछे से स्कूटी पकड़ ली। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना सदर पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को उपचार के लिए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय लोगों और चश्मदीदों के अनुसार दोनों युवक घटना से करीब एक घंटे पहले से इलाके में घूम रहे थे। प्रारंभिक तौर पर विवाद के पीछे नशे की खरीद-फरोख्त और पैसों के लेन-देन का संदेह जताया जा रहा है। घायल युवक ने पुलिस को बताया कि उसने स्कूटी सवार को 500 रुपये दिए थे। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि आरोपी स्कूटी चालक देई दा नौण पंचायत के एक गांव का रहने वाला है, जबकि घायल युवक इसी क्षेत्र में परिवार के साथ किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करता है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिलते ही सदर थाना की टीम को मौके पर भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में दोनों युवकों के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस नशे के एंगल समेत मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *