जोगिंद्रनगर के बिलिंग कॉम्प्लेक्स में कपड़े की दुकान जलकर राख, 10 लाख से अधिक का नुकसान

21 नवम्बर: मंडी। जोगिंद्रनगर के स्थानीय बिलिंग कॉम्प्लेक्स में शनिवार सुबह एक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में दुकान संचालिका पूजा देवी को 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। वहीं, कॉम्प्लेक्स की 20 अन्य दुकानों के भी आग की चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया था।

जानकारी के अनुसार बिलिंग कॉम्प्लेक्स में पूजा फैशन हाउस नाम से संचालित कपड़े की दुकान में शनिवार सुबह अचानक आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस बल और स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे कॉम्प्लेक्स की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया।

गौरतलब है कि बिलिंग कॉम्प्लेक्स में पंजाब नेशनल बैंक सहित कई महत्वपूर्ण व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी संचालित हैं। आग लगने से आसपास की दुकानों में धुआं भर गया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा नुकसान होने से बच गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *