जेईई मेन्स 2027 के लिए 12.23 लाख छात्रों ने भरे फॉर्म, 22 नवंबर आवेदन की अंतिम तिथि

21 नवम्बर: जेईई मेन्स 2027 की परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की संख्या 12 लाख के पार पहुंच गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार अब तक कुल 12,23,255 उम्मीदवार पंजीकरण फॉर्म जमा करवा चुके हैं। इनमें से 10,10,941 उम्मीदवारों ने आवेदन शुल्क का भुगतान भी कर दिया है। परीक्षा के पहले सत्र के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर निर्धारित की गई है। ऐसे में जिन इच्छुक उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे अंतिम तिथि से पहले अपना पंजीकरण पूरा कर सकते हैं।

संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मेन्स देश की प्रमुख इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल है। इस परीक्षा के माध्यम से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (एनआईटी) सहित अन्य सरकारी और निजी इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश मिलता है। वहीं, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में दाखिले के लिए उम्मीदवारों को जेईई मेन्स में निर्धारित योग्यता हासिल करने के बाद जेईई एडवांस्ड परीक्षा भी देनी होती है।

जेईई मेन्स 2027 के लिए आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वेबसाइट के मुख्य पेज पर जेईई मेन्स 2027 रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद डिजिलॉकर के माध्यम से लॉगइन कर आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरनी होगी। इसमें नाम, जन्मतिथि, संपर्क विवरण और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड कर आवेदन शुल्क जमा करना होगा। सभी जानकारियों की जांच करने के बाद फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए कन्फर्मेशन पेज का प्रिंट सुरक्षित रख लें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *