15 मई: जीरकपुर के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मनाली से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी निजी वोल्वो बस ट्रक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि एक युवक बस के नीचे आ गया।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया।
घायलों को तुरंत डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कई गंभीर घायलों को सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सेक्टर-32 रेफर किया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।