5 मई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हिमाचल प्रदेश ने पंचायतीराज संस्थाओं और शहरी निकाय चुनावों के तहत जिला परिषद चुनावों के लिए अपने समर्थित उम्मीदवारों की विस्तृत सूची जारी कर दी है। इस सूची को प्रदेश चुनाव संयोजक विपिन सिंह परमार की अगुवाई में मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर व्यापक विचार-विमर्श के बाद अंतिम रूप दिया गया।
पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन में संगठन के प्रति निष्ठा, जनसेवा का अनुभव, क्षेत्रीय संतुलन और स्थानीय स्वीकार्यता को प्रमुख आधार बताया है। भाजपा का कहना है कि सूची तैयार करते समय महिलाओं, युवाओं और अनुभवी कार्यकर्ताओं को संतुलित प्रतिनिधित्व देने का विशेष ध्यान रखा गया है।
जिला शिमला, सोलन, सिरमौर, महासू, देहरा, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, चंबा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, नूरपुर, पालमपुर और सुंदरनगर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।
पार्टी का मानना है कि यह सूची संगठन की जमीनी पकड़ को मजबूत करने के साथ पंचायत स्तर तक विकास कार्यों को गति देने में सहायक होगी। भाजपा नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से सभी उम्मीदवारों को समर्थन देने और चुनावों में जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
पार्टी ने भरोसा जताया है कि आगामी जिला परिषद चुनावों में उसे व्यापक जनसमर्थन मिलेगा और प्रदेश में विकास को नई दिशा मिलेगी।