5 मई, कविता शांति गौतम: बद्दी नगर निगम के वार्ड नंबर 13 के छातीपुरा कुंजाहल निवासी तान्या ने हिमाचल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित जमा दो साइंस संकाय के परिणाम में 94 प्रतिशत अंक लेकर परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्रा ने यह परीक्षा शिवालिक साइंस स्कूल खरूनी से दी है। छात्रा की माता ने बताया कि तान्या ने मैट्रिक की परीक्षा में भी 94% अंक हासिल किए थे।
उल्लेखनीय है कि तान्या के पिता का लगभग 10 वर्ष पहले ब्रेन हेमरेज से देहांत हो गया था। इसके बावजूद तान्या व उसके भाई की शिक्षा तथा घर की जिम्मेदारी का बोझ अकेले उसकी माता उर्मिला के कंधों पर आ गया।
तान्या की माता ने घर की जिम्मेदारी के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई को भी पूरी लगन से संभाला और उनकी शिक्षा में कोई बाधा नहीं आने दी।
यह भी खास बात है कि तान्या ने यह सफलता बिना किसी ट्यूशन के हासिल की है। बिना पिता के साए और बिना कोचिंग के इतने अच्छे अंक प्राप्त करना क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना है।
तान्या ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी माता उर्मिला, अपनी मेहनत और निरंतर पढ़ाई को दिया है। उसने आगे चलकर हार्ट सर्जन या न्यूरोसर्जन बनने का सपना देखा है। इसी दिशा में उसने हाल ही में नीट की परीक्षा भी दी है और उसे अपनी सफलता पर पूरा विश्वास है।
उसकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और सभी लोग उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।