16 जुलाई: भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक में अधिकारियों को जनशिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निवारण करना है, इसलिए अधिकारियों को गैर सरकारी सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई कर संबंधित सदस्यों को इसकी जानकारी भी देनी चाहिए।
बचत भवन में आयोजित बैठक में ग्रामीण सड़कों के निर्माण और मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, बस सेवाओं की अनियमितता, बेसहारा पशुओं की समस्या सहित कई जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने एचआरटीसी और परिवहन विभाग को ग्रामीण रूटों पर बस सेवाएं नियमित करने और नए रूट शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।
बैठक में नादौन क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के बाद बढ़ी सड़क दुर्घटनाओं और जलभराव, गलोड़ अस्पताल के विस्तार, लाहड़, डुग्घा, लहड़ा, उहल सहित कई गांवों में पेयजल संकट जैसे मामलों पर भी संबंधित विभागों से जवाब मांगा गया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को ग्रामीण सड़कों से जुड़े विवाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समिति के गैर सरकारी सदस्यों की मदद से सुलझाने के निर्देश दिए।
सुरेश कुमार ने अधिकारियों से प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें।
बैठक में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जबकि एडीसी अभिषेक गर्ग ने विभिन्न मामलों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस दौरान राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, एसपी बलवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।