चार दिन बाद खुली पंडोह-सराची सड़क, सराज क्षेत्र के लोगों को मिली बड़ी राहत

18 जुलाई: सराज विधानसभा क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाने वाली पंडोह-सराची सड़क चार दिनों तक बंद रहने के बाद शुक्रवार को दोबारा यातायात के लिए खोल दी गई। सड़क बहाल होने से सराज क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिली है, जबकि पंडोह बाजार में भी एक बार फिर चहल-पहल लौट आई है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार सड़क खुलने से कारोबार में भी सुधार देखने को मिल रहा है।

यह मार्ग पंडोह से करीब पांच किलोमीटर दूर बाखली के समीप कुकलाह खड्ड में जलस्तर बढ़ने के कारण बंद हो गया था। मौसम साफ होने और जलस्तर कम होने के बाद स्थानीय लोगों तथा लोक निर्माण विभाग के संयुक्त प्रयासों से पुल के नीचे झील के बीच बने अस्थायी मार्ग को दोबारा यातायात योग्य बनाया गया।

साढ़नू मेले के अवसर पर माता बगलामुखी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू होने से सड़क पर रौनक बढ़ गई है। कलहणी, सराची, लंबाथाच और जंजैहली क्षेत्र के लोगों के लिए यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

फिलहाल इस सड़क पर केवल टैक्सी और निजी वाहनों की आवाजाही शुरू हुई है, जबकि एचआरटीसी बस सेवा अभी बहाल नहीं की गई है। तांदी पंचायत के उपप्रधान दौलत राम ने कहा कि यह सड़क सराज क्षेत्र की जीवनरेखा होने के साथ-साथ माता बगलामुखी मंदिर तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग भी है। उन्होंने सड़क बहाल करने में सहयोग देने वाले स्थानीय लोगों, मंदिर समिति और लोक निर्माण विभाग का आभार जताया।

लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता हेत राम वर्मा ने बताया कि फिलहाल यह एक अस्थायी मार्ग है और इसका संचालन पूरी तरह मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा। यदि पंडोह डैम की झील या बाखली खड्ड का जलस्तर बढ़ता है तो सुरक्षा की दृष्टि से सड़क को दोबारा बंद करना पड़ सकता है। उन्होंने वाहन चालकों से पानी वाले हिस्सों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *