12 मई: मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई हिस्सों में, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में, 12 और 13 मई को खराब मौसम की संभावना जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसके मद्देनजर चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं। उन्होंने कहा कि यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित रह सके।
राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा में अब तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच चुके हैं और प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है।
चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
देहरादून मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि इस दौरान कई जगहों पर तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने और 40–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने यात्रियों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रुकने की अपील की है।