17 जून : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-154A) पर बनीखेत के समीप छतरी मोड़ के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार कार चंबा की ओर से आ रही थी। इसी दौरान छतरी मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि वाहन करीब 800 फुट नीचे लुढ़कते हुए निचली सड़क तक पहुंचा।
हादसा इतना गंभीर था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव खाई से बाहर निकाले गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों मृतक चंबा जिले के सरू क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है।