18 मई: चंबा नगर परिषद चुनाव के नतीजों में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा है। घोषित परिणामों के अनुसार दोनों दलों के समर्थित पांच-पांच प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई। नतीजे सामने आने के बाद शहर में दोनों दलों के समर्थकों ने जश्न मनाया। जगह-जगह आतिशबाजी हुई और समर्थकों ने नारेबाजी कर विजयी प्रत्याशियों का स्वागत किया। मतगणना केंद्र के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।
नगर परिषद के 11 वार्डों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों में कसाकड़ा वार्ड से सपना मैहरा, धड़ोग वार्ड से जितेंद्र सूर्या, चौगान वार्ड से तनवी गोस्वामी, सुराड़ा वार्ड से रजनी शर्मा और जुलाहकड़ी वार्ड से भुवनेश्वरी गुलाटी विजेता रहीं। वहीं हटनाला वार्ड से विजय कुमार ने जीत दर्ज की, जिन्हें फिलहाल निर्दलीय माना जा रहा है।
भाजपा समर्थित प्रत्याशियों में जनसाली वार्ड से सीमा कश्यप, सपड़ी वार्ड से निशा बड़याल, चौंतड़ा वार्ड से सुनील नैयर, हरदासपुरा वार्ड से नीतू सरीन और सुल्तानपुर वार्ड से कांता ठाकुर ने जीत हासिल की। इनमें सीमा कश्यप ने लगातार चौथी बार पार्षद बनकर अपनी मजबूत पकड़ कायम रखी है।
मतगणना का कार्य बचत भवन में पूरा किया गया। देर शाम परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने कई स्थानों पर जुलूस निकाले और अपने उम्मीदवारों को कंधों पर उठाकर जीत का उत्सव मनाया।