ऊना निकाय चुनाव में भाजपा का दबदबा, छह में से चार निकायों पर जमाया कब्जा

18 मई ऊना जिले के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह में से चार निकायों में जीत दर्ज की है। भाजपा ने संतोषगढ़ और मैहतपुर-बसदेहड़ा नगर परिषदों के साथ-साथ टाहलीवाल और गगरेट नगर पंचायतों में बढ़त हासिल कर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया। वहीं अंब और दौलतपुर चौक में कांग्रेस को सफलता मिली।

ऊना सदर से विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने अपने विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली दोनों नगर परिषदों में भाजपा की जीत सुनिश्चित कर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत बनाए रखी। दूसरी ओर कांग्रेस को यहां निराशा हाथ लगी। हालांकि कांग्रेस अब मैहतपुर-बसदेहड़ा नगर परिषद में भाजपा पृष्ठभूमि वाले दो निर्दलीय पार्षदों के सहारे सत्ता तक पहुंचने की रणनीति बना रही है। भाजपा भी इन निर्दलीय विजेताओं को अपना समर्थक बता रही है।

मैहतपुर-बसदेहड़ा नगर परिषद में भाजपा ने चार वार्डों में जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को तीन वार्ड मिले। दो वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे, जिनका झुकाव भाजपा की ओर माना जा रहा है। वहीं संतोषगढ़ नगर परिषद में भाजपा ने लगातार दूसरी बार जीत का परचम लहराया। यहां भाजपा ने नौ में से छह वार्डों में जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा, जबकि कांग्रेस तीन वार्डों तक सिमट गई।

टाहलीवाल नगर पंचायत में भी भाजपा ने दमदार प्रदर्शन किया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के विधानसभा क्षेत्र में आने वाली इस नगर पंचायत में भाजपा ने सात में से पांच वार्ड जीत लिए, जबकि कांग्रेस को दो वार्डों में संतोष करना पड़ा।

गगरेट नगर पंचायत में भाजपा ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए सभी सात वार्डों पर कब्जा जमाया। कई वार्डों में कांग्रेस अपना प्रत्याशी तक नहीं उतार पाई। गगरेट से कांग्रेस विधायक राकेश कालिया के लिए यह परिणाम निराशाजनक रहे। हालांकि दौलतपुर चौक नगर पंचायत में कांग्रेस समर्थित पांच प्रत्याशियों की जीत ने पार्टी को राहत दी। यहां भाजपा को केवल दो सीटें मिलीं।

अंब नगर पंचायत में कांग्रेस ने बढ़त बनाए रखी। यहां कांग्रेस समर्थित चार प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि भाजपा को तीन वार्डों में जीत मिली। एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनुसूया रानी ने टाई होने के बाद पर्ची सिस्टम से जीत हासिल की। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस विधायक सुदर्शन बबलू के लिए यह परिणाम राहतभरे रहे।

जिले के छह स्थानीय निकायों के कुल 48 वार्डों में भाजपा समर्थित 27, कांग्रेस समर्थित 18 और तीन निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। इनमें दो निर्दलीय उम्मीदवार भाजपा पृष्ठभूमि से जुड़े बताए जा रहे हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *