1 अक्तूबर:जिला चंबा में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) की टीम ने चंबा की सीमा कटोरी बंगला के समीप दो युवकों को 11.97 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना चुवाड़ी में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात इंस्पेक्टर गगनदीप के नेतृत्व में SIU टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर कटोरी बंगला के पास नाकाबंदी की गई। रात करीब 11 बजे पुलिस को वहां दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े दिखाई दिए। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 11.97 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर नशे की खेप जब्त कर ली। आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय अरविंद कुमार निवासी गांव सलांदरी और 28 वर्षीय राकेश कुमार निवासी गांव लचौड़ी, डाकघर ठाकरीमट्टी, तहसील सलूणी, जिला चंबा के रूप में हुई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।