1 अक्तूबर: हरिपुर थाना पुलिस ने सरकारी राशन की संभावित कालाबाजारी के मामले में कार्रवाई करते हुए गुलेर चौक पर एक बोलेरो पिकअप से सरकारी डिपो में सप्लाई होने वाले गेहूं के आटे की 22 बोरियां बरामद की हैं। पुलिस ने वाहन चालक सहित दो लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार हरिपुर थाना प्रभारी अनूप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार शाम करीब सात बजे गुलेर चौक पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान नंदपुर-भटोली की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप नंबर HP36C-1140 को जांच के लिए रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसके डाले में सरकारी डिपो में सप्लाई किए जाने वाले गेहूं के आटे की 22 बोरियां बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार वाहन में मौजूद लोग आटे के संबंध में संतोषजनक जवाब और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने आटे की बोरियों, बोलेरो पिकअप और उसकी चाबी को कब्जे में ले लिया। मामले में पिकअप चालक रोहित निवासी बाई, तहसील डाडासीबा और उसके साथ बैठे श्रवण कुमार निवासी चनौर, तहसील डाडासीबा के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 और 7 के तहत हरिपुर थाना में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मौके पर हुई कार्रवाई को ई-साक्ष्य एप के माध्यम से भी दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी आटे की यह खेप किस डिपो या गोदाम से निकली थी, किसके नाम पर जारी हुई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस परिवहन से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
एसपी देहरा संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच में जो भी लोग संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।