घुमारवीं में झुग्गी से 35-40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का संदिग्ध शव बरामद

26 सितम्बर:घुमारवीं नगर परिषद के वार्ड नंबर-2 में एक निजी होटल के पीछे बनी अस्थायी झुग्गी से 35 से 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का संदिग्ध शव बरामद हुआ है। शव मिलने की सूचना झुग्गी में रहने वाले राजस्थान निवासी प्रवासी मजदूर दर्शन ने पुलिस को दी।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे दर्शन अपनी झुग्गी पर पहुंचा तो उसने वहां एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उसने इसकी सूचना जमीन मालिक और घुमारवीं पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस थाना घुमारवीं की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दर्शन ने पुलिस को बताया कि वह करीब दो माह पहले परिवार सहित राजस्थान गया था और दो दिन पहले ही वापस लौटा था। उसने मृतक को पहचानने से इनकार किया है।

पुलिस को घटनास्थल से चाकू और टूटी हुई शराब की बोतलें मिली हैं। मृतक के गले पर कटने के निशान भी पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि झुग्गी के अंदर से कुंडी लगी हुई थी, जबकि बाहर से ताला लगा था।

घटनास्थल को सुरक्षित रखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। एएसपी बिलासपुर प्रताप सिंह ठाकुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेज दिया है। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *