धर्मपुर की 22 पंचायतों के बीपीएल परिवारों के लिए जागरूकता शिविर

12 अगस्त: धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास विभाग के खंड विकास कार्यालय की ओर से मिनी सचिवालय धर्मपुर में 22 पंचायतों के बीपीएल परिवारों के लिए एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। विधायक चंद्रशेखर ने शिविर में भाग लेकर लाभार्थियों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बीपीएल परिवारों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान लाभार्थियों की समस्याएं भी सुनी गईं और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जागरूकता के अभाव में कई बार पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध करवाने के साथ पात्र परिवारों को आवेदन एवं अन्य प्रक्रियाओं में हरसंभव सहयोग दें।

विधायक ने बताया कि अब तक आयोजित आठ चरणों में धर्मपुर क्षेत्र की 22 पंचायतों से कुल 2170 बीपीएल परिवारों का चयन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जो पात्र परिवार अब तक इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनके लिए जल्द ही नौवां चरण शुरू किया जाएगा। ऐसे परिवार अपने आवेदन संबंधित पंचायत सचिव के पास जमा करवाकर प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।

शिविर में धर्मपुर क्षेत्र की 22 पंचायतों के बीपीएल परिवारों के लाभार्थियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *