14 अगस्त: प्रदेश सरकार की ओर से अति निर्धन एवं बीपीएल परिवारों के आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ के तहत आयोजित किए जा रहे विशेष जन-संवाद कार्यक्रमों की कड़ी में गगवाल में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, ब्लॉक इंदौरा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विधायक मलेंद्र राजन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस दौरान विधायक ने डेंकवां, लोधवां, गगवाल, भदरोआ, बेली महंता और माजरा पंचायतों के चिह्नित बीपीएल परिवारों से सीधा संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और जरूरतों को सुना।
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि हर जरूरतमंद की आवाज सरकार तक पहुंचाना और पात्र परिवारों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ जैसे जन-संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से पात्र परिवारों की वास्तविक जरूरतों को समझा जा रहा है और उन्हें पात्रता के अनुसार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीपीएल सूची में केवल वास्तविक रूप से जरूरतमंद और पात्र परिवारों को ही शामिल किया जाना चाहिए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक पहुंच सके।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब परिवारों, महिलाओं, बच्चों, किसानों और अन्य जरूरतमंद वर्गों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना भी जन-संवाद कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने लोगों से अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी लेने और अपनी पात्रता के अनुसार उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने विभाग से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं बीपीएल परिवारों ने बारी-बारी से अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं विधायक तथा अधिकारियों के समक्ष रखीं। विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को पात्रता एवं नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया, बीडीओ सुदर्शन सिंह, डीएफओ संदीप कोहली, बीएमओ इंदौरा डॉ. संदीप महाजन, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता संदीप सनिहाल, खाद्य निरीक्षक अजय कौंडल, उद्योग विभाग के सदस्य सचिव नितिन शर्मा, कार्यकारी सीडीपीओ सुनीत, जल शक्ति विभाग के एसडीओ राजेंद्र सनोरिया, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राजीव बिंदल, तहसील कल्याण कार्यालय से सोनाक्षी, उद्यान विभाग के एसएमएस संजीव, कृषि विभाग के एसएमएस बोध राज, गुरविंदर पठानिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।