16 नवंबर। जिला मुख्यालय कुल्लू में पुलिस भर्ती करवाने आई हिमाचल पुलिस की एक महिला आईपीएस अधिकारी का महंगा पेन गुम हो गया। इसे ढूंढ़ने के लिए पुलिस के जवान लगाए गए हैं। पेन का पता तो फिलहाल नहीं चल पाया है, परन्तु पुलिस अधिकारी का गुम हुआ पेन एक चर्चा का विषय बन चुका है। पेन की कीमत हजारों में बताई जा रही है। पेन तलाशने में जुटे पुलिस कर्मचारियों ने ढालपुर में कई दुकानों में जाकर पूछताछ की। यहां तक कि दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी खंगाली की गई। सूत्रों से पता चला है कि कमांडेंट महिला आईपीएस,
अधिकारी पिछले कुछ दिनों से कुल्लू में चल रही पुलिस भर्ती की ड्यूटी में आई हैं। रविवार शाम को वह ढालपुर स्थित अस्पताल के आसपास की दुकानों में कुछ सामान की खरीदारी करने के लिए आई थीं। इस दौरान उनका कीमती पेन कहीं खो गया। पेन को उन्होंने ढूंढ़ने की कोशिश की, लेकिन पेन नहीं मिल पाया। ऐसे में सोमवार दोपहर के समय पुलिस के कर्मचारी दुकानों में पहुंचे और पेन के बारे में पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों कि फुटेज को भी खंगाला गया। इस बारे पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि उन्हें विषय की जानकारी नहीं है।