9 सितम्बर: जिला मुख्यालय स्थित डीआरडीए हॉल में मंगलवार को पेंशनर फेडरेशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक उपायुक्त एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सुरजीत सिंह राठौर ने की। बैठक में पेंशनरों और वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
पेंशनर फेडरेशन के पदाधिकारियों ने प्रशासन के समक्ष कुल्लू शहर की स्वच्छता व्यवस्था, आवारा पशुओं और कुत्तों की समस्या, पार्किंग की बेहतर व्यवस्था, सड़कों व फुटपाथों की मरम्मत सहित कई मांगें रखीं। इसके अलावा सरकारी और निजी अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई गई।
फेडरेशन के सदस्यों ने क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
सुरजीत सिंह राठौर ने फेडरेशन की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेंशनरों और वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सहायक आयुक्त डॉ. जयबंती ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर, अधिशाषी अभियंता बीएस नेगी, जिला पंचायत अधिकारी दयाराम ठाकुर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा शर्मा सहित पेंशनर फेडरेशन के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।